रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था पर निशाना साधा है। सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जब राजधानी में एक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद भी राजधानी में लूट, हत्या और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के बजाय केवल ट्रैफिक चालान तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने राज्य सरकार और गृह विभाग से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। - (ईएमएस)18 मई 2026