5.2 की तीव्रता वाले भूकंप ने मचाई तबाही बीजिंग,(ईएमएस)। दक्षिण चीन के गुयांग्झी स्वायत्त क्षेत्र में सोमवार तड़के आए एक तेज भूकंप ने भारी तबाही मचाई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर 5.2 की तीव्रता वाले इस भूकंप के कारण कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। इसके साथ ही कई लोगों के घायल होने की भी खबर है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भूकंप के यह जोरदार झटके सोमवार रात 12 बजकर 21 मिनट पर महसूस किए गए। इस प्राकृतिक आपदा का मुख्य केंद्र लिउझोउ शहर के लिउनान जिले के अंतर्गत आने वाले ताइयांगचुन कस्बे के पास था। भूगर्भ वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस भूकंप की गहराई जमीन से केवल 8 किलोमीटर नीचे थी। गहराई काफी कम होने की वजह से झटके बेहद तेज और विनाशकारी महसूस किए गए, जिससे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि इस भीषण भूकंप के कारण इलाके की कम से कम 13 इमारतें पूरी तरह से जमींदोज हो गईं। हादसे के बाद मुस्तैदी दिखाते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 7,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित क्षेत्र में कई अन्य घरों और इमारतों को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की खबर है, जिसके बाद राहत और बचाव दल लगातार मलबे को हटाने और लापता लोगों की तलाश में अभियान चला रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक, वर्तमान में चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस भूकंप का असर सिर्फ लिउझोउ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुआंग्शी क्षेत्र के कई बड़े शहरों, जिनमें नाननिंग और गुइलिन भी शामिल हैं, वहां भी धरती बुरी तरह कांपी। देर रात आए इन झटकों के कारण लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा जांच के चलते कुछ ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है, हालांकि बिजली, पानी, गैस और दूरसंचार जैसी जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वीरेंद्र/ईएमएस/18मई 2026