जशपुर(ईएमएस)। जिले में एक हृदयविदारक हादसे में मां और बेटी की डूबने से मौत हो गई। घोघरा डैम में नहाने के दौरान 8 वर्षीय बच्ची गहरे पानी में चली गई, जिसे बचाने के प्रयास में उसकी 8 माह की गर्भवती मां भी पानी में डूब गईं।जानकारी के अनुसार, दोपहर सुकांती तिग्गा अपनी दो बेटियों आराधना तिग्गा (10 वर्ष) और मीनाक्षी तिग्गा के साथ घोघरा डैम गई थीं। इस दौरान सुकांती डैम किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बच्चियां पानी में नहा रही थीं। नहाने के दौरान छोटी बेटी मीनाक्षी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को बचाने के लिए सुकांती तिग्गा तुरंत पानी में उतरीं, लेकिन वह भी गहराई में फंस गईं और डूबने लगीं। घटना देखकर बड़ी बेटी आराधना घबराकर घर पहुंची और परिजनों तथा ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक चले खोजबीन अभियान के बाद मां और बेटी दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)18 मई 2026