क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- फरियादी बोला- आरोपी पकड़कर थाने लाए, फिर भी नहीं मिला फोन गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में दूध लेकर घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट और मोबाइल लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि तीन युवकों ने रास्ते में रोककर पहले उसके साथ मारपीट की, फिर तौलिये से गला दबाने का प्रयास करते हुए मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फरियादी दयाराम कुशवाह निवासी पिपरौदा खुर्द ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे दूध लेकर घर लौट रहा था। तभी गुड्डू सरपंच के मकान के पास तीन युवक मिले और अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। दयाराम का आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने तौलिये से उसका गला दबाने की कोशिश की, जबकि दूसरे बदमाश उसका मोबाइल लेकर भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि शोर सुनकर वहां से गुजर रहे एक परिचित ने अपनी गाड़ी से पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। बाद में उसे कैंट थाने भी ले जाया गया। दयाराम का कहना है कि पकड़ा गया युवक लगातार अपने साथियों को फोन लगाकर मोबाइल वापस मंगाने की बात कहता रहा, लेकिन करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी मोबाइल वापस नहीं मिला। फरियादी ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जिन लोगों के नाम उसने बताए, पुलिस ने उन्हें सही तरीके से दर्ज नहीं किया। इतना ही नहीं, जिन आरोपियों को पकड़कर थाने लाया गया था, वे भी बाद में गायब हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि रात में मेडिकल कराने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक मेडिकल नहीं कराया गया है। मामले में कैंट थाना पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।