क्षेत्रीय
18-May-2026
...


मुंगेली (ईएमएस)। जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पूरा मामला चिल्फी थाना क्षेत्र की चौकी डिंडौरी का है। जानकारी के मुताबिक, 13 मई को पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी अचानक लापता हो गई है और किसी अज्ञात युवक द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से लगातार आरोपी और नाबालिग की तलाश में जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम लीलापुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को पकड़ लिया और उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। - (ईएमएस) 18 मई 2026