गुना (ईएमएस)। जिले के आरोन थाना क्षेत्र में कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के मामले में अब परिवार का आक्रोश सामने आने लगा है। सोमवार को मृतक भाई-बहन के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि हादसे के कई दिन बाद भी पुलिस न तो आरोपी वाहन की पहचान कर सकी है और न ही किसी आरोपी तक पहुंच पाई है। उल्लेखनीय है कि ग्राम महुआ खेड़ा निवासी शिवानी कोरी और उसका छोटा भाई विपिन कोरी बीते दिनों आरोन कॉलेज से परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसी-ढिमरयाई रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया था। सोमवार को परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में ठोस कार्रवाई की मांग रखी। परिवार के लोगों ने बताया कि थाना स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी, इसलिए उन्हें एसपी कार्यालय आना पड़ा। परिजनों के मुताबिक एसपी ने उन्हें 20 दिन के भीतर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिवार ने यह भी बताया कि उन्हें एक 407 वाहन चालक पर शक है, जिसे सोमवार को आरोन थाने बुलाकर पूछताछ भी की गई। हालांकि अब तक पुलिस की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और न्याय की मांग भी की है। इसी संबंध में उन्होंने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राहत राशि दिलाए जाने की मांग रखी। परिवार का कहना है कि घर के दो जवान बच्चों की मौत से पूरा परिवार टूट गया है और अब उन्हें केवल न्याय की उम्मीद है।_सीताराम नाटानी