बलरामपुर (ईएमएस)। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलाई स्थित एक क्रशर प्लांट में दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना सिंघल क्रशर प्लांट में कन्वेयर बेल्ट की सफाई के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, क्रशर प्लांट में कार्यरत मजदूर अल्मोन को कन्वेयर बेल्ट की सफाई के लिए लगाया गया था। आरोप है कि काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। इसी दौरान अचानक ऊपर लगी लोहे की भारी जाली उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अन्य मजदूरों ने गैस कटर और जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला और उसे तत्काल अंबिकापुर मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के खाराकोना निवासी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शी मजदूर अर्पण एक्का ने आरोप लगाया कि प्लांट में सुरक्षा उपकरणों की भारी कमी थी और मौके पर फर्स्ट एड किट तक उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद मजदूरों पर दबाव बनाया गया कि हादसे को जेसीबी की बकेट से दबने की घटना बताया जाए। इधर, क्षेत्र में क्रशर प्लांटों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस प्लांट में हादसा हुआ, वह पूर्व में विजय सिंघल के स्वामित्व में था और हाल ही में इसका हस्तांतरण किया गया था। मामले पर अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्रशर प्लांटों में आदिवासी मजदूरों के साथ लापरवाही और शोषण की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की संभावना जताई जा रही है। - (ईएमएस)18 मई 2026