क्षेत्रीय
18-May-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। शहर से लगे लुचकी घाट के पास लालमाटी क्षेत्र में दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, सीतापुर क्षेत्र के सड़क पारा सोनतरई निवासी संतोष कुजूर (38) अपनी पत्नी के साथ बाइक से अंबिकापुर घघरी स्थित एकलव्य विद्यालय में अपने बेटे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने जा रहे थे। इसी दौरान लालमाटी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक (क्रमांक CG 10 EF 3136) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। संतोष कुजूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक के चालक युवक की भी गंभीर चोटों के कारण कुछ देर बाद मौत हो गई। मृत दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी है। स्थानीय जानकारी के अनुसार, लुचकी घाट से करीब तीन किलोमीटर का यह इलाका लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। अंबिकापुर–पत्थलगांव एनएच पर बने चार मोड़ अंधे होने के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। पिछले तीन वर्षों में इस पांच किलोमीटर के दायरे में 104 सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें 73 लोगों की जान जा चुकी है। सड़क सुरक्षा संकेतक भी पर्याप्त नहीं होने के कारण हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को जानकारी दी जा रही है। - (ईएमएस)18 मई 2026