अलीगढ़ (ईएमएस)। जिले में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी छात्र सभा ने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बीच कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला जलाने का प्रयास किया, जिसे रोकने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और खींचतान हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। समाजवादी पार्टी छात्र सभा के नेता मोहसिन मेवाती ने कहा कि मौजूदा सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता परेशान है और पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि छात्र सभा की ओर से प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने तथा महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग की गई है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र सभा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। ईएमएस / 18 मई 2026