क्षेत्रीय
18-May-2026
...


कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खबर है कि अनैतिक प्रेम संबंधों के विवाद में एक देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि अगर पुलिस को केवल 20 मिनट की भी देरी हो जाती, तो आरोपी नेपाल भागने में सफल हो जाता। पुलिस के मुताबिक, 27 अप्रैल को कल्याण पश्चिम इलाके के एक घर से गुड्डू देवी नाम की महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 11 मई को उनकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि मृतका और उसके देवर बम बम कुमार के बीच प्रेम संबंध थे। हालांकि पिछले कुछ दिनों से महिला ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी बम बम कुमार महिला के घर पहुंचा और दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने महिला का सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रेस करने में काफी मुश्किलें आईं। बाद में पुलिस ने रिश्तेदारों से जानकारी जुटाकर झारखंड स्थित उसके गांव का पता लगाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम झारखंड रवाना की गई। पुलिस को भनक लगी कि आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में है। इसी दौरान पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया। आरोपी को झारखंड से कल्याण लाया गया और अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी भूषण देवरे कर रहे हैं। मृत महिला के दो बच्चे हैं, जबकि आरोपी को भी एक बेटी है। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों को उनके संबंधों की जानकारी थी। संतोष झा- १८ मई/२०२६/ईएमएस