क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- गश्त के लिए तैयार पुलिस। शाजापुर (ईएमएस)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शाजापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के नेतृत्व में 17-18 मई की मध्यरात्रि को पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में 300 से अधिक पुलिसकर्मी एक साथ मैदान में उतरे। अभियान की शुरुआत से पहले पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस टीमों को सुरक्षा और कार्रवाई के संबंध में आवश्यक ब्रीफिंग दी गई। इसके बाद जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना स्तर के बल ने मोर्चा संभाला। वरिष्ठ अधिकारियों ने रातभर विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर खुद इस पूरे अभियान की कमान संभाली और मॉनिटरिंग की। वारंटियों और बदमाशों पर कसा शिकंजा इस औचक अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की। रातभर में कुल 53 स्थायी वारंट और 97 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। सर्वाधिक 13 स्थाई वारंट थाना कोतवाली द्वारा और सर्वाधिक 19 गिरफ्तारी वारंट थाना कालापीपल द्वारा तामील किए गए। इसके साथ ही 16 जिला बदर अपराधियों, 92 गुंडों और 134 निगरानी बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी चेकिंग की गई। आबकारी एक्ट के तहत 08 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा थाना शुजालपुर मंडी द्वारा सट्टा एक्ट में और थाना कोतवाली द्वारा दो अन्य अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। सुरक्षा के लिहाज से जिले के 35 होटलों, लॉज, ढाबों और धर्मशालाओं को खंगाला गया। साथ ही बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बढ़ाई गई। गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने सक्रिय बदमाशों, जेल से रिहा हुए अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी मौजूदा गतिविधियों की जानकारी ली। पुलिस ने उन्हें सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत गुंडा व हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को भी अपडेट कर सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है। ईएमएस/ मोहने/18 मई 2026