क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- जन जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को किया जा रहा स्वच्छता के प्रति प्रेरित कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर को उत्कृष्ट स्थान दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए विभिन्न जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए विशेष तैयारियों के क्रम में सोमवार को ओम साईं विज़न की टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से स्वच्छता आधारित फीडबैक लिया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के महत्व के बारे में जागरूक कर नागरिकों को घरों में ट्विन बिन के नियमित उपयोग, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कचरे को निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं “स्वच्छता की पाठशाला” के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वच्छ सर्वेक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने हेतु जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में विद्या लोक वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा फल वितरण कार्यक्रम के दौरान निगम की सहयोगी टीम के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा नागरिकों से सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त किया गया। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता गतिविधियों में सहभागी बनकर अपने शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्रेष्ठ स्थान दिलाने में सहयोग प्रदान करें। ईएमएस / 18/05/2026