क्षेत्रीय
18-May-2026
...


- गाय का रेस्क्यू किया गया। शाजापुर (ईएमएस)। शहर के विजय नगर स्थित हनुमान मंदिर से सटे नाले में एक बार फिर गाय गिरने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिलते ही गौरक्षा सेना के सदस्य मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से महज 10 मिनट में गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से पूर्व में भी गौरक्षा सेना करीब 10 बार गायों व नंदी का रेस्क्यू कर चुकी है। संगठन द्वारा पहले भी संबंधित पार्षद से नाले की ओर जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद कराने का आग्रह किया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से यहां लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। गाय के रेस्क्यू कार्य में मुख्य रूप से गौरक्षा सेना के धर्मेन्द्र शर्मा, अक्षय गुर्जर, हर्षित परमार, चंद्रशेखर जाटव एवं यश चौहान (राम) उपस्थित रहे। ईएमएस/ मोहने/18 मई 2026