क्षेत्रीय
18-May-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) शहर के थाटीपुर चौराहा स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में श्याम रसोई के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कथा के दौरान जैसे ही सुप्रसिद्ध भागवत आचार्य पंडित घनश्याम शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन किया, पूरा कथा पंडाल “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमने लगे और महिलाओं ने मंगलगीत गाकर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। कथा पंडाल को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी एवं विशेष सजावट से सजाया गया था। भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर झांकी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान लड्डू गोपाल का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने नंदोत्सव मनाते हुए एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं तथा प्रसाद वितरण भी किया गया। भागवताचार्य पंडित घनश्याम शास्त्री जी महाराज ने कथा के माध्यम से कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म की स्थापना एवं अधर्म के विनाश के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कथा का श्रवण करने से मनुष्य के जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति का वास होता है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के संयोजक श्रीमती सीमा समाधिया, मोहन समाधिया एवं भारतीय राजोरिया सहित मंदिर के समस्त भक्तगण कथा व्यवस्था में सक्रिय रूप से सेवा दे रहे हैं। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जा रही है इस अवसर पर सीमा समाधियां, भारती राजोरिया, मोहन समाधियां नूतन श्रीवास्तव,पवन भटनागर,नीरू भटनागर, ने आरती की