राज्य
18-May-2026


:: अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, जिले के 56 गांवों में लगेंगे शिविर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले के आदिवासी बहुल गांवों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने के लिए आज से जनभागीदारी सप्ताह शुरू हो गया है। यह विशेष अभियान 25 मई तक चलेगा जिसके तहत जिले के 56 गांवों में बने आदि सेवा केंद्रों पर खास संतुष्टि शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने सभी सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खुद गांवों में जमीन पर जाकर काम करें ताकि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले हर जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं और कमाई के साधन पहुंच सकें। इन शिविरों की सबसे अच्छी बात यह है कि ग्रामीणों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उन्हें एक ही जगह पर सारी सुविधाएं मिल जाएंगी। शिविर स्थल पर ही पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और जनधन बैंक खाता जैसी जरूरी सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही खेती-किसानी के लिए पीएम किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान भारत कार्ड, गर्भवती महिलाओं की जांच और सिकल सेल बीमारी के इलाज की व्यवस्था रहेगी। साथ ही पात्र महिलाओं को उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन और वनाधिकार पट्टा भी मौके पर ही दिया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत के दौरान जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। प्रकाश/18 मई 2026