राज्य
18-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। छठवां राज्य वित्त आयोग 20 एवं 21 मई 2026 को ग्वालियर एवं चंबल संभाग के दौरे पर रहेगा। इस दौरान आयोग स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा आर्थिक स्वावलंबन के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सुझाव प्राप्त करेगा। आयोग की टीम 19 मई की शाम ग्वालियर पहुंचेगी। आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के.के. सिंह तथा सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार 20 मई को ग्वालियर में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं को वित्तीय रूप से सुदृढ़, पारदर्शी और आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर चर्चा की जाएगी। आयोग ग्वालियर संभाग के आयुक्त, जिलों के कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, नगर निगम आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेगा। बैठक में निकायों के मूल दायित्वों, स्वच्छता, पेयजल, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में सहकारिता आधारित नवाचारों पर भी चर्चा होगी। आयोग की टीम 21 मई को मुरैना में चंबल संभाग के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। आयोग की टीम केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण भी करेगी। हरि प्रसाद पाल / 18 मई, 2026