खगड़िया, (ईएमएस)। बिहार के खगड़िया में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा मानसी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, ट्रक और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में हड़कंप फैल गया। मृतकों में महिला और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है। संतोष झा- १८ मई/२०२६/ईएमएस