राज्य
18-May-2026


भोपाल (ईएमएस) । भीषण गर्मी ने लोगों की जीना दुभर कर दिया है। सूरज के तेवर सुबह से ही लोगों को परेशान किए हुए हे। हालात ये है कि सुबह करीब 5.30 बजे से ही गर्मी अपना असर दिखाने लगती है और दोपहर होते-होते शहर पूरी तरह भट्टी की तरह तपने लगता है। तेज धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में लोग अब मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा और लू का असर भी देखने को मिलेगा। बीते दिन ज्यादा आर्द्रता होने के कारण गर्मी का अहसास बढ़ रहा है। यहां सुबह की आर्द्रता 52 फीसदी रही, जो सामान्य से 12 फीसदी ज्यादा रही। रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 और न्यूनतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पश्चिमी मध्यप्रदेश के रतलाम, मंदसौर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी और बुरहानपुर जैसे जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंचने की संभावना है। राजगढ़ में 45 डिग्री, रतलाम में 44.8 और खंडवा में 44.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में शामिल रहा। कब होगी मानसून की एंट्री मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मानसून की सामान्य तारीख केरल पहुंचने की 1 जून रहती है, लेकिन इस बार यह 26 मई के आसपास पहुंचने की संभावना बन रही है। यह मानसून के आने की गति पर निर्भर करता है। पूरे मध्य प्रदेश में 15 जून से 25 जून के बीच पहुंच जाता है। प्री-मानसून एक्टिविटी जून के पहले सप्ताह से सक्रिय होने की संभावना है। मानसून के आठ-दस दिन पहले से शुरू होने वाली बारिश को ही प्री मानसून श्रेणी में रखा जाता है। इस बार माना जा रहा है कि प्री मानसून की बारिश अच्छी होगी। गर्म रातें हो सकती खतरनाक एमपी के कई जिलों में राते बेहद गर्म हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार ये स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकती हैं। सामान्यत: रात में तापमान कम होने पर शरीर को गर्मी से उबरने का मौका मिलता है, लेकिन जब रात भी गर्म बनी रहे तो शरीर को राहत नहीं मिलती। इससे हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन, थकान, बेचैनी और नींद संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों पर इसका प्रभाव अधिक पड़ता है। आशीष पाराशर/18 मई2026