राज्य
18-May-2026


कलेक्टर ने बाढ़ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक के दौरान दिए आवश्यक प्रबंधात्मक दिशा निर्देश कंट्रोल रूम की स्थापना, क्विक रिस्पांस टीम का गठन एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सूची की जाए तैयार नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले में आगामी वर्षाकाल के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षात्मक एवं प्रबंधात्मक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां मानसून पूर्व ही पूर्ण कर ली जाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बीते वर्षों में बाढ़ से प्रभावित हुए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों को चिन्हित कर उनका डाटा संकलित किया जाए तथा उसकी विस्तृत समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए पहले से राहत केंद्र निर्धारित कर वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जिला स्तर पर बाढ़ प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा उसमें कार्यरत कर्मचारियों के ड्यूटी आदेश जारी करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम 24x7 संचालित किया जाएगा, इसी अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी। कलेक्टर ने होमगार्ड विभाग को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रबंधन में उपयोग होने वाले सभी संसाधनों एवं उपकरणों की समय रहते जांच सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक अनुविभाग में प्रशिक्षित क्विक रिस्पांस टीम गठित कर उन्हें आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालों की साफ-सफाई, पेयजल की जांच तथा घाटों पर अनाउंसमेंट सिस्टम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संभावित बाढ़ के दौरान पुल एवं पुलियों पर आवागमन प्रतिबंधित करने तथा ऐसे संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत उपलब्ध हेलीपैड की जानकारी तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य शीघ्रता से संचालित किए जा सकें। साथ ही बाढ़ के दौरान पहुंचविहीन होने वाले ग्रामों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जिले में स्थित क्षतिग्रस्त एवं जर्जर शासकीय एवं निजी भवनों की सूची तैयार कर उन्हें डिस्मेंटल करने की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकी दल की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि आपदा की स्थिति में उपयोगी सभी आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस एवं अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ मंशु जैन, एडीएम अनिल जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 18 मई 2026