राज्य
18-May-2026


:: जनजातीय वर्ग को मिलेगा 18 विभागों की 25 सेवाओं का सीधा लाभ, प्रदेश के हजारों गांवों में सजेंगे संतृप्ति शिविर :: इंदौर (ईएमएस)। जनजातीय वर्ग के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज से राष्ट्रव्यापी सूचना, शिक्षा एवं संचार अभियान “जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले” का शंखनाद हो गया है। आगामी 25 मई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विशेष लाभार्थी संतृप्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने विभाग के सभी मैदानी अधिकारियों को इन शिविरों को सफलतापूर्वक आयोजित करने और लक्षित समूह को शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए हैं। आयुक्त सह संचालक जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजना डॉ. सतेन्द्र सिंह के अनुसार, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों की जनपद पंचायतों के चयनित गांवों में ये शिविर लगेंगे। इस महा-अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ग्रामीणों को भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही छत के नीचे 18 अलग-अलग विभागों की कुल 25 प्रमुख सेवाओं का सीधा लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान की राज्य स्तरीय कमान नोडल अधिकारी अपर संचालक श्रीमती रीता सिंह को सौंपी गई है, जबकि जिला स्तर पर सहायक आयुक्त व जिला संयोजक इसके नोडल अधिकारी होंगे। इस अभियान के माध्यम से मध्य प्रदेश में धरती आबा अभियान के तहत 267 विकासखंडों के 11 हजार 377 ग्राम और पीएम जनमन योजना के तहत 122 विकासखंडों के 5 हजार 113 ग्राम सीधे लाभान्वित होंगे। प्रकाश/18 मई 2026