राज्य
18-May-2026


:: पुलिस कमिश्नर की दोटूक- अच्छा काम करने वालों की थपथपाएंगे पीठ, सुस्तों को जाना होगा ट्रेनिंग स्कूल :: :: फरियादियों की संतुष्टि और नवाचार पर तय हुई रैंकिंग :: इंदौर (ईएमएस)। महानगर में अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी व जनोन्मुखी बनाने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक अभिनव पहल की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के सीधे दिशा-निर्देशन में तैयार हुई थानों की मासिक मूल्यांकन प्रणाली के अप्रैल माह के परीक्षा परिणाम घोषित हो गए हैं। विभिन्न कड़े मापदंडों की कसौटी पर जहाँ ज़ोन-3 का बाणगंगा थाना जिला भर में प्रथम स्थान पर रहा है, वहीं ज़ोन-2 का परदेशीपुरा थाना सबसे कमजोर प्रदर्शन के साथ अंतिम पायदान पर पिछड़ गया है। सुस्त साबित हुए थानों के कप्तानों और उनके स्टाफ को सुधार के लिए अनिवार्य रूप से विशेष प्रशिक्षण शाला भेजा जाएगा। :: जनसंतुष्टि और नए प्रयोगों पर मिले नंबर :: कमिश्नरेट द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस मूल्यांकन प्रणाली के तहत अप्रैल माह में थानों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा संबंधित क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) की अध्यक्षता में गठित विशेष समिति द्वारा की गई। इस अनूठी परीक्षा में केवल अपराधों के निराकरण या कानूनी आंकड़ों को ही आधार नहीं बनाया गया, बल्कि थाने आए पीड़ितों की संतुष्टि, पुलिस का आमजन के प्रति व्यवहार और जनता की भलाई के लिए थानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को मुख्य पैरामीटर माना गया। इस कड़े मुकाबले में ज़ोन-4 के चंदन नगर थाने ने द्वितीय व इसी ज़ोन के भंवरकुआं थाने ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है, जबकि ज़ोन-2 का खजराना थाना चौथे स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमशः ज़ोन-1 का राजेन्द्रनगर पांचवें, ज़ोन-4 का अन्नपूर्णा छठवें, ज़ोन-4 का द्वारिकापुरी सातवें, ज़ोन-4 का जूनी इंदौर आठवें, ज़ोन-1 का सदरबाजार नौवें और ज़ोन-3 का पलासिया थाना दसवें स्थान पर जगह बनाने में कामयाब रहा। :: मध्य और निचले क्रम में मची खलबली :: मूल्यांकन सूची के मध्य क्रम की बात करें तो ज़ोन-1 का मल्हारगंज ग्यारहवें, ज़ोन-3 का संयोगितागंज बारहवें, ज़ोन-1 का तेजाजीनगर तेरहवें, ज़ोन-3 का हीरानगर चौदहवें, ज़ोन-4 का छत्रीपुरा पंद्रहवें, ज़ोन-1 का राऊ सोलहवें, ज़ोन-2 का कनाडिया सत्रहवें और ज़ोन-4 का रावजी बाजार थाना अठारहवें स्थान पर टिका रहा। वहीं ज़ोन-3 का एम.जी.रोड उन्नीसवें, ज़ोन-1 का आजादनगर बीसवें, ज़ोन-3 का कोतवाली इक्कीसवें, ज़ोन-4 का पंढरीनाथ बाईसवें, ज़ोन-2 का एमआईजी तेईसवें, ज़ोन-1 का गांधीनगर चौबीसवें, ज़ोन-3 का तुकोगंज पच्चीसवें और ज़ोन-2 का लसूड़िया थाना छब्बीसवें स्थान पर सिमट गया। सूची में नीचे की ओर खिसकते हुए ज़ोन-1 का एयरोड्रम सत्ताइसवें, ज़ोन-2 का विजयनगर अट्ठाइसवें, ज़ोन-3 का छोटी ग्वालटोली उनतीसवें, ज़ोन-4 का सराफा तीसवें और ज़ोन-2 का तिलकनगर थाना इकतीसवें पायदान पर रहा, जबकि सबसे निराशाजनक प्रदर्शन के साथ ज़ोन-2 का परदेशीपुरा थाना बत्तीसवें यानी सबसे अंतिम स्थान पर पिछड़ गया। :: लापरवाही पर कार्रवाई, कमजोरों को प्रशिक्षण :: बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों व स्टाफ को प्रोत्साहित किया जाएगा। जिन थानों का प्रदर्शन औसत रहा है, उनके स्टाफ की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित होगा। कर्तव्य के प्रति लापरवाही प्रदर्शित करने वालों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त, इंदौर :: ज़ोनवार स्थिति : जानिए आपके क्षेत्र के थाने का हाल :: शहर के चारों ज़ोन की स्थिति को देखें तो हर ज़ोन में थानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। पूरे शहर में ज़ोन-4 के थानों ने शीर्ष आठ में से पांच स्थानों पर कब्जा जमाकर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, वहीं ज़ोन-2 के थानों का प्रदर्शन इस महीने सबसे कमजोर आंका गया है। ज़ोन-1 (राजेन्द्रनगर अग्रणी) : इस क्षेत्र में राजेन्द्रनगर (पांचवें) शीर्ष पर है। इसके बाद क्रमशः मल्हारगंज (11वें), तेजाजीनगर (13वें), राऊ (16वें), आजादनगर (20वें) और गांधीनगर (24वें) स्थान पर रहे। एयरोड्रम थाना (27वें) इस क्षेत्र में सबसे पीछे है। ज़ोन-2 (खजराना को छोड़ सभी पिछड़े) : खजराना थाना (चौथे) स्थान के साथ इस क्षेत्र में सबसे आगे है। इसके बाद सीधे कनाडिया (17वें), एमआईजी (23वें), लसूड़िया (26वें) और विजयनगर (28वें) का नंबर आता है। तिलकनगर (31वें) और परदेशीपुरा (32वें) पूरे शहर में सबसे अंतिम पायदानों पर हैं। ज़ोन-3 (बाणगंगा शहर में अव्वल) : इस क्षेत्र का बाणगंगा थाना पूरे जिले में प्रथम रहा। इसके बाद पलासिया (10वें), संयोगितागंज (12वें), हीरानगर (14वें), एम.जी. रोड (19वें), कोतवाली (21वें) और तुकोगंज (25वें) स्थान पर रहे। छोटी ग्वालटोली (29वें) यहाँ सबसे कमजोर रहा। ज़ोन-4 (सबसे संतुलित प्रदर्शन) : इस क्षेत्र के थानों का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहाँ चंदन नगर (दूसरे) और भंवरकुआं (तीसरे) स्थान पर रहे। इनके अतिरिक्त अन्नपूर्णा (6ठे), द्वारिकापुरी (7वें), जूनी इंदौर (8वें) ने शीर्ष दस में जगह बनाई। छत्रीपुरा (15वें), रावजी बाजार (18वें) और पंढरीनाथ (22वें) मध्य में रहे, जबकि सराफा (30वें) इस क्षेत्र में सबसे पीछे रहा। :: व्यवस्था को जन-हितैषी बनाने की कवायद :: इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर व अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाए जाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि थानों के बीच इस तरह की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा करने से जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस निरंतर चलने वाली मासिक समीक्षा से थानों में आने वाले आम नागरिकों की सुनवाई बेहतर होगी और पुलिसिंग का स्तर सुधरेगा। प्रकाश/18 मई 2026