राज्य
18-May-2026
...


* कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व सभापति नूतन सिंह ठाकुर की उपस्थिति में की निगम के कार्यो की समीक्षा * लगातार समीक्षा की कड़ी में निगम के कोसाबाड़ी जोन, पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन व बालको जोन में पूर्ण, प्रगतिरत एवं स्वीकृत कार्यो की वर्तमान कार्यप्रगति की विस्तार से की समीक्षा कोरबा (ईएमएस) प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी व श्रम मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुये कहा है कि ईरान, इजराईल युद्ध के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के परिणाम स्वरूप हो रही डामर की अनुपलब्धता के कारण सड़कों के डामरीकरण का कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहे, जबकि राशि स्वीकृत कर निविदा आदि की कार्यवाही बहुत पहले की पूरी कर ली गई है, अतः उच्च स्तर पर चर्चा कर वैकल्पिक रास्ता निकाले तथा सड़कों की दशा सुधारें। उन्होने अधिकारियों से कहा कि बरसात से पूर्व नालों एवं नालियों का निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करायें, विकास कार्यो में अपेक्षित गति लायें तथा जिन निर्माण एजेंसियों द्वारा कार्यो में लापरवाही दिखाई जा रही है, उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही कर उन्हें ब्लेक लिस्ट करें। उक्ताशय के निर्देश कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने विकास कार्यो की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिये। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा के कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर नगर एवं बालको जोन के अधिकारियों व वार्ड पार्षदों की बैठक लेकर इन तीनों जोन के 28 वार्डो के विकास कार्यो की वार्डवार समीक्षा की। बैठक के दौरान महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, अशोक चावलानी सहित अन्य वार्ड पार्षद उपस्थित थे। वर्षा ऋतु के आगमन एवं सड़कों का डामरीकरण कार्य न हो पाने को गंभीरता लेते हुये कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि बरसात आने में अब ज्यादा दिन नहीं है, निगम क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों के डामरीकरण की स्वीकृति बहुत पहले प्राप्त हो चुकी है, निविदा आदि की कार्यवाही भी पूरी हो चुकी है, कार्यादेश भी दिये जा चुके हैं किन्तु ईरान-इजराईल के युद्ध के कारण हर जगह डामर की अनुपलब्धता बनी हुई है, जिसके परिणाम स्वरूप कोरबा में भी सड़कों का डामरीकरण कार्य रूका हुआ है, उन्होने अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुये कहा कि वे उच्च स्तर पर चर्चा करें तथा वैकल्पिक रास्ता निकालकर शहर की सड़कों को सुधारें ताकि आगामी बरसात में शहर वासियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पडे़। अप्रारंभ विकास कार्यो की वार्डवार समीक्षा करते हुय कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये कि संबंधित निर्माण एजेंसियों को नोटिस दें तथा कार्यो को शीघ्र प्रारंभ करायें, इसी प्रकार प्रगतिरत विकास कार्यो की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ कार्य बीच में रूके हुये हैं, इस पर कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुये अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित निर्माण एजेंसियो को कार्य प्रारंभ करने का नोटिस दें, फिर भी यदि उनके द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता तो उनकी जमा अमानत राशि राजसात करते हुये उन्हें ब्लेक लिस्टेड किये जाने की कार्यवाही करें। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि विकास व निर्माण कार्यो के संपादन के दौरान संबंधित अभियंतागण कार्यो की निरंतर मानीटरिंग करें, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें तथा यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें कि विकास कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ संपादित हों तथा कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। * वार्डवार समीक्षा कर कार्यो में तेजी लाने दिये निर्देश बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर शुक्ल नगर एवं बालको जोन के वार्डो में विभिन्न मदों, जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना, वित्त आयोग मद, मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, राजस्व व आपदा प्रबंधन, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद, सी.एस.आर. मद, महापौर मद, पार्षद निधि, निगम मद सहित अन्य विभिन्न मदों के अंतर्गत किये जाने वाले सी.सी. रोड निर्माण, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक शेड मंच, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, किचन शेड, अहाता व बाउण्ड्रीवाल, शौचालय निर्माण, उप स्वास्थ्य केन्द्र उन्नयन, अतिरिक्त क क्षों का निर्माण, चबूतरा, सांस्कृतिक मंच निर्माण, कलवर्ट, मुक्तिधाम, घाट पचरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, कांजी हाउस जीर्णोद्धार, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य तथा विद्युत विस्तार व स्ट्रीट लाईट से जुडे़ कार्यो की कार्य प्रगति की वार्डवार समीक्षा की तथा कार्यो की कार्यप्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिये। * पेयजल आपूर्ति व स्ट्रीट लाईट से जुडे़ कार्यो की समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था तथा स्ट्रीट लाईट से जुडे़ कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि सभी वार्ड बस्तियो में पेयजल की आपूर्ति निर्वाध रूप से तथा नियत समय में की जाएं, विद्युत अवरोध, पाईप लाईनों की टूट-फूट या किसी अन्य कारणवश किसी वार्ड व बस्ती में पानी की सप्लाई बाधित होती है तो तत्काल टैंकर के माध्यम से वहाॅं पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि इस बढ़ती गर्मी में वहाॅं के नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने निगम द्वारा लगाई जा रही नई स्ट्रीट लाईटों के कार्य में तेजी लाने तथा जिन वार्डो में स्ट्रीट लाईट लगाई जा रही है, उन सभी वार्डो में एक साथ कार्य किये जाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। * साफ-सफाई कार्यो में और अधिक कसावट लायें कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन बैठक के दौरान उक्त तीनों जोन के 28 वार्डो की साफ-सफाई व्यवस्था व किये जा रहे सफाई कार्यो की समीक्षा की तथा स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि साफ-सफाई कार्यो में और अधिक कसावट लायें। उन्होने कहा कि विगत वर्ष के स्वच्छ सर्वेक्षण में हमारे कोरबा ने स्वच्छता रैंकिंग में देश में 08वाॅं स्थान प्राप्त किया था, हम सबको मिलकर इस दिशा में और अधिक मेहनत करनी होगी ताकि हमारा कोरबा देश में नम्बर-01 पर आये तथा छत्तीसगढ़ राज्य व ऊर्जानगरी कोरबा का गौरव बढ़े। * समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि समीक्षा बैठक के दौरान जो भी निर्देश प्रदान किये जा रहे हैं, उनका कड़ाई से पालन किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि निगम के विकास व निर्माण कार्यो, नागरिक सेवाओं व सुविधाओं से जुड़े कार्यो की कार्यप्रगति में तेजी के साथ-साथ आमजन की समस्याओं व शिकायतों पर विशेष रूप से फोकस करें तथा प्राप्त शिकायतों का समयसीमा में निराकरण करायें। इस दौरान पार्षद व एम.आई.सी. सदस्य हितानंद अग्रवाल, चन्द्रलोक सिंह, अजय गोंड़, चन्द्रकली जायसवाल, ममता यादव, पंकज देवांगन, राकेश वर्मा, प्रताप सिंह कंवर, धनकुमारी गर्ग, अब्दुल रहमान, सुनीता चैहान, वर्षा दिनेश वैष्णव, सिमरनजीत कौर, सत्येन्द्र दुबे, सीमा कंवर, चंदा देवी, चेतन सिंह मैत्री, मंगलराम बंदे, तरूण सिंह राठौर, रजत खुंटे, अपर आयुक्य विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, पवन वर्मा, एन.के. नाथ, स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे। 18 मई / मित्तल