क्षेत्रीय
18-May-2026


नरसिंहपुर (ईएमएस) । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की ईधन बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर की गई भावपूर्ण अपील के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिले में शासकीय कार्यों में ईंधन की खपत कम करने, कार्बन उत्सर्जन घटाने और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली साप्ताहिक समयावधि (टीएल) बैठक, कानून-व्यवस्था बैठक तथा अन्य समीक्षा बैठकों में शामिल होने के लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर से आने वाले अधिकारियों को अनिवार्य रूप से कार पूलिंग का उपयोग करना होगा। एक ही मार्ग या तहसील से आने वाले अधिकारी अलग-अलग वाहनों के बजाय आपसी समन्वय से एक ही वाहन में जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिला मुख्यालय पर पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी, जो एक ही परिसर या आसपास निवास करते हैं, वे कार्यालय आने-जाने के लिए कार पूलिंग या दोपहिया वाहन साझा करने की आदत विकसित करें। साथ ही चार पहिया वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल आवागमन को प्रोत्साहित किया जाए। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अधिकारियों को इस प्रकार रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे एक ही दिशा में स्थित विभिन्न विभागों के निरीक्षण कार्य एक ही वाहन से पूर्ण किए जा सकें। इसके अलावा शासकीय वाहनों का उपयोग केवल अति आवश्यक और अधिकृत कार्यों के लिए ही किया जाएगा तथा कम दूरी के लिए अनावश्यक उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। कलेक्टर ने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीन वाहनों की समय-समय पर सर्विसिंग एवं प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) जांच सुनिश्चित करें, जिससे ईंधन की खपत कम की जा सके। साथ ही जिला स्तर पर वाहनों की लॉग-बुक एवं ईंधन व्यय की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। यह परिपत्र तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी जिला प्रमुखों तथा मैदानी अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेरावी/ ईएमएस / 18/05/2026