राष्ट्रीय
19-May-2026
...


-कहा- हम मुल्लीवाइकल की यादों को हमेशा दिलों में संजोकर रखेंगे चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु सीएम सी जोसेफ विजय ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के पूर्व चीफ को प्रभाकरन को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी है। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के चीफ ने श्रीलंका की मुल्लीवाइक्कल का जिक्र करते हुए कहा कि हम मुल्लीवाइकल की यादों को हमेशा दिलों में संजोकर रखेंगे। विजय ने एक्स पर किए एक पोस्ट में लिखा- हम हमेशा समुद्र के उस पार रहने वाले अपने तमिल भाइयों के साथ खड़े रहेंगे। गौरतलब कि जिस लिट्टे चीफ को विजय श्रद्धांजलि दे रहे हैं उसे भारत में पूर्व पीएम राजीव गांधी हत्याकांड के आरोप में बैन कर दिया गया था। इस हत्याकांड में प्रभाकरन भी आरोपी था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका से अलग देश की मांग करने के लिए बने संगठन लिट्टे के चीफ प्रभाकरन की पुण्यतिथि की याद में श्रींलकाई और भारतीय तमिल समुदाय इसे तमिल नरसंहार स्मरण दिवस या मुल्लीवाइकल स्मरण दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन उन हजारों तमिल नागरिकों को याद किया जाता है, जो मुल्लीवाइकल में हुए सैन्य अभियान के दौरान मारे गए थे। 18 मई 2009 को मुल्लीवाइकल में ही श्रीलंकाई सेना ने प्रभाकरन को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद तीन दशक पुराना श्रीलंकाई गृहयुद्ध खत्म हो गया था। यूएन की रिपोर्ट के मुताबिक इस गृहयुद्ध में 40,000 से लेकर 70,000 तमिल नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी। बता दें यह पहली बार नहीं है, जब विजय ने प्रभाकरन को याद किया हो। इससे पहले भी उन्होंने 2025 में एक रैली के दौरान अपने भाषण में प्रभाकरन का जिक्र किया था। इस दौरान भी विजय ने कहा था कि वह समुद्र पार रहने वाले अपने तमिल भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। बता दें श्रीलंका में बसने वाले तमिल लोग भारत से ही प्रवास करके वहां पहुंचे हैं। ऐसे में तमिलनाडु में रहने वाले तमिल लोगों का श्रीलंकाई तमिलों के साथ भावनात्मक जुड़ाव है। श्रीलंकाई गृह युद्ध के समय भी कई लोग यहां से वहां आते जाते रहते थे। सिराज/ईएमएस 19मई26