राष्ट्रीय
19-May-2026
...


देहरादून (ईएमएस)। श्रीनगर गढ़वाल इन दिनों भीषण ईंधन संकट का सामना कर रहा है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल समाप्त होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले हजारों तीर्थयात्रियों के साथ-साथ लोकल वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। ईंधन न मिलने के कारण कई वाहन सड़कों पर फंसे हुए हैं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम से ही जीएमओयू पेट्रोल पंप और श्रीकोट स्थित दोनों पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो चुका है। इसके बाद अब केवल इक्का-दुक्का पंपों पर ही सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है। एनआईटी स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। शहर से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित जियो पेट्रोल पंप पर भी फिलहाल कुछ स्टॉक बचा हुआ है, लेकिन यहां भी वाहनों की भारी भीड़ के चलते जल्द ही ईंधन खत्म होने की आशंका जताई जा रही है। ईंधन की किल्लत के चलते चारधाम यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए मीलों दूर दूसरे कस्बों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उनकी यात्रा और भी दुष्कर हो गई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिख रहे हैं, जिससे आम जनता में गहरा रोष है। यह संकट अगर जल्द हल नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। आशीष दुबे / 19 मई 2026