एलजी सिन्हा का दावा- आतंकी गतिविधियां खत्म, भर्ती न के बराबर श्रीनगर,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने धारा 370 खत्म होने के बाद जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य में सुधार के दावे के साथ नशे की चुनौती को बड़ा संकट बताया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नशे का आपस में संबंध है। नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए हमारा ध्यान जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट करना और लोगों में जागरूकता पैदा करना है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य में व्यापक सुधार आया है। आतंकी गतिविधियां लगभग समाप्त हो गई हैं और आतंकी भर्ती भी न के बराबर है। सुरक्षाबलों ने घाटी में सक्रिय सभी आतंकी संगठनों के शीर्ष कमांडरों को मार गिराया है। सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन बीएसएफ और सेना के जवान इन्हें विफल कर रहे हैं। पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों को मारा गया है और उनके मददगार पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा एजेंसियां साइबर जिहादियों पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। नशा मुक्त अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। पुलिस ने पिछले 38 दिन में 766 एफआइआर दर्ज की हैं, 856 लोगों को गिरफ्तार किया है और 677 किलोग्राम ड्रग्स ज़ब्त की है। सिराज/ईएमएस 19मई26