नई दिल्ली,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ा है। देशभर में पेट्रोल-डीजल के रेट में मंगलवार को लगातार दूसरी बार बढ़े। इससे पहले शुक्रवार को भी दामों को बढ़ाया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तेल की बढ़ती कीमतों के बीच इंडियन ऑयल कॉपरेशन ने सोमवार को बताया था कि वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का मुनाफा करीब 2.8 गुना बढ़कर 36,802 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि पिछले साल यह 12,962 करोड़ रुपए था। कंपनी को यह फायदा तेल के स्टॉक पर हुए मुनाफे और मजबूत बिक्री की वजह से मिला है। जनवरी-मार्च तिमाही में भी कंपनी का नेट प्रॉफिट 11,378 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले के मुकाबले काफी ज्यादा है। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई 7फीसदी बढ़कर 2.3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गई है। पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री भी 5फीसदी बढ़कर 89 मिलियन मीट्रिक टन रही। हालांकि, कंपनी ने कहा कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर उसे नुकसान हो रहा है। इस नुकसान के बावजूद बोर्ड ने 10 रुपए फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 1.25 रुपए का अंतिम डिविडेंड देने की सिफारिश की है, जिसका सबसे बड़ा फायदा केंद्र सरकार को मिलेगा। 2025 में इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने निवेशकों को दो बार डिविडेंड दिया था। कंपनी ने दिसंबर में 5 रुपए प्रति शेयर और अगस्त में 3 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड बांटा था। इसके पहले 2024 में आईओसी ने 7 रुपए प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था। वहीं 2023 में भी कंपनी ने दो बार डिविडेंड का ऐलान किया था, जिसमें नवंबर में 5 रुपए और जुलाई में 3 रुपए प्रति शेयर निवेशकों को मिले थे। आईओसीएल के शेयर्स में सोमवार को 2.01फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। कंपनी के शेयर्स 131.85 रुपए के भाव पर बीएसई पर क्लोज हुए। पिछले एक हफ्ते में कंपनी के शेयर्स 6.06 फीसदी फिसल गए थे। वहीं, एक महीने में 9.60फीसदी की गिरावट देखने को मिली और 1 साल में 8.94फीसदी की गिरावट आई। हालांकि, कंपनी के शेयर्स ने पिछले 3 साल में 53.37 फीसदी का पॉजिटिव रिटर्न भी दिया है। सिराज/ईएमएस 19मई26