राष्ट्रीय
19-May-2026


परिजनों को हत्या का शक, पुलिस कर रही हर पहलू से जांच धनबाद,(ईएमएस)। धनबाद के चिरागोडा श्मशान रोड पर मैदान में मंगलवार सुबह एक मोबाइल दुकान संचालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हीरापुर हटिया मोड़ निवासी राजेश चंद्रवंशी (42) के रूप में हुई है। वह हीरापुर में मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश है। परिवारवालों ने आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजेश चंद्रवंशी सोमवार को रोज की तरह अपनी दुकान गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिवार ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिवारवालों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह लोगों ने चिरागोडा श्मशान रोड स्थित मैदान में एक व्यक्ति का शव देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान राजेश चंद्रवंशी के रूप में की। परिवार का आरोप है कि राजेश की साजिश के तहत हत्या की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को मैदान में फेंक दिया। रिपोर्ट के मुताबिक सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, साथ ही मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि पता चल सके कि आखिरी बार उसकी किससे बात हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। सिराज/ईएमएस 19मई26