राष्ट्रीय
19-May-2026


-ब्रिटानिया और विब्स जैसी कंपनियां भी बढ़ा सकती हैं दाम नई दिल्ली,(ईएमएस)। पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब ब्रेड भी महंगी हो गई है। 14 मई को दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी के बाद अब ब्रेड के दामों में भी 5 रुपए प्रति पैकेट तक का इजाफा किया गया है। बढ़ती परिवहन लागत, प्लास्टिक पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले आयातित कच्चे माल की महंगाई और रुपए में गिरावट को इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मॉडर्न ब्रेड ने अपने बेसिक वेरिएंट्स की कीमतों में एकमुश्त 5 रुपए तक की बढ़ोतरी की है, जिसे अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि माना जा रहा है। बाजार में यह भी चर्चा है कि जल्द ही ब्रिटानिया और विब्स जैसी कंपनियां भी दाम बढ़ा सकती हैं। हालांकि, मॉडर्न ब्रेड की कंपनी ग्रुपो बिम्बो ने इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से ट्रांसपोर्ट कॉस्‍ट बढ़ा है, जिसका असर अन्‍य चीजों पर पड़ रहा है। खुदरा विक्रेताओं ने बताया कि मॉडर्न के 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड की कीमत 40 रुपए से बढ़कर 45 रुपए हो गई है। इसी तरह होल व्हीट ब्रेड 55 से 60 रुपए और मल्टीग्रेन ब्रेड 60 से 65 रुपए पहुंच गई है। छोटे ब्राउन ब्रेड की कीमत 28 से 30 रुपए और व्हाइट ब्रेड 20 से बढ़कर 22 रुपए हो गई है। ब्राउन ब्रेड के दाम भी 45 से 50 रुपए तक पहुंच गए हैं। बेकरी चलाने वालों का कहना है कि प्लास्टिक बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक पाउडर आयातित होता है और इसकी कीमत में भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में ब्रेड की कीमत बढ़ाना लगभग तय है। रिपोर्ट के मुताबिक इंडिया बेकर्स एसोसिएशन के सदस्य और क्वालिटी बेकर्स के निदेशक सलाहुद्दीन खान ने कहा कि परिवहन खर्च, प्रिजर्वेटिव्स और यहां तक कि नमक की कीमतें भी काफी बढ़ गई हैं। आमलोगों का कहना है कि पहले ब्रेड के दाम 2-3 रुपए बढ़ने पर चिंता होती थी, लेकिन अब कंपनियां सीधे 5 रुपए तक कीमत बढ़ा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। पांच दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। सीएनजी की कीमतें भी बढ़ाई जा चुकी हैं। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ सकती है, जिसका असर सब्जियों, दूध, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। सिराज/ईएमएस 19मई26