-करमानपुर ने दावों को किया खारिज, कहा- पैर में लगाए गए थे टांके तेहरान,(ईएमएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और मोजतबा खामेनेई के घायल होने की खबरों के बीच अब ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्टीकरण जारी किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क एवं सूचना केंद्र के निदेशक हुसैन करमानपुर ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि हमले में मोजतबा खामेनेई का कोई अंग काटना पड़ा है। उन्होंने आधिकारिक तौर पर बयान जारी कर कहा कि मोजतबा खामेनेई के चेहरे को कोई क्षति नहीं हुई है और उनके शरीर का कोई भी अंग नहीं काटा गया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक करमानपुर ने उस घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि हमले वाले दिन अस्पताल के आसपास का इलाका, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और सरकार के सदस्यों का कार्यालय और क्रांतिकारी नेता का घर, इन सभी जगहों को निशाना बनाया गया था। इस दौरान देश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. जफरखंडी ने तुरंत फोन कर घायलों के बारे में जानकारी ली। इसके तुरंत बाद डॉ. जफरखंडी खुद बाइक पर सवार होकर अस्पताल रवाना हुए, क्योंकि उस समय अचानक सड़कों पर भारी अराजकता फैल गई थी और रास्ते बंद हो चुके थे। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे खबर आई कि नेता आगा मोजतबा खामेनेई को अस्पताल लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े हादसे के घटनास्थल पर मौजूद किसी भी व्यक्ति के शरीर पर स्वाभाविक रूप से कई घाव हो जाते हैं और मोजतबा के शरीर पर भी कुछ घाव थे, लेकिन ये घाव उनके चेहरे को विकृत करने या गंभीर नुकसान पहुंचाने के नहीं थे। उनके घावों पर कुछ साधारण टांके लगाए गए और जिस हिस्से पर टांके लगाए वह उनकी टांग थी। रहस्य तब और गहरा गया जब इस्लामिक गणराज्य का नेतृत्व संभालने की खबरों के बाद से मोजतबा खामेनेई को अब तक सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है, और न ही उनका कोई ऑडियो या वीडियो संदेश प्रसारित किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय को अमेरिकी और इजराइली हवाई हमलों द्वारा कम से कम दो बार सीधे तौर पर निशाना बनाया गया था। इन हमलों की श्रृंखला में जो पहला हमला हुआ था, वह युद्ध के शुरुआती क्षणों में ही किया गया था। बताया जा रहा है कि उसी भीषण और घातक हमले में ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद से देश के भीतर और बाहर मोजतबा खामेनेई की भूमिका और उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। सिराज/ईएमएस 19मई26