ठाणे, (ईएमएस)। अखिल भारतीय केमिस्ट और दवा विक्रेता ने 20 मई को देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार, अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों की “अनुचित प्रतिस्पर्धा” के विरोध में यह राष्ट्रव्यापी बंद बुलाया गया है। संगठन के अध्यक्ष जगन्नाथ शिंदे ने कहा कि देशभर के 15 लाख से अधिक केमिस्ट और ड्रगिस्ट इस बंद में हिस्सा लेंगे। उन्होंने मांग की कि कोविड-19 महामारी के दौरान जारी किए गए उन नोटिफिकेशनों को वापस लिया जाए, जिनका कथित तौर पर ऑनलाइन दवा बिक्री में दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पतालों से जुड़े मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे और इमरजेंसी दवा सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जगन्नाथ शिंदे ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण नकली दवाएं, एंटीबायोटिक्स और प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह के बेची जा रही हैं, जो खासकर युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां 20 से 50 प्रतिशत तक की भारी छूट देकर छोटे केमिस्ट और रिटेल दुकानदारों के कारोबार को नुकसान पहुंचा रही हैं। कोविड काल में होम डिलीवरी के लिए दी गई विशेष छूट अब महामारी खत्म होने के बाद भी जारी है, जिसका ऑनलाइन कंपनियां फायदा उठा रही हैं। स्वेता/संतोष झा- १९ मई/२०२६/ईएमएस