राष्ट्रीय
19-May-2026


-सतीशन कैबिनेट में विभागों के बंटवारे पर जल्द हो सकता है फैसला तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में नई संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के गठन के बाद भी राजनीतिक हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद भी मंत्रियों के विभागों का आधिकारिक बंटवारा नहीं हो पाया है। कहा जा रहा है कि जल्द ही फैसला लिया जाएगा और फिर अधिसूचना जारी हो सकेगी। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन सहयोगियों के बीच अहम मंत्रालयों के आवंटन को लेकर मतभेद उभर आए हैं, जिसके चलते विभागों की अधिसूचना जारी होने में देरी हो रही है। खासतौर पर उच्च शिक्षा और मत्स्य पालन मंत्रालय को लेकर सहयोगी दलों के बीच खींचतान जारी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन ने स्वीकार किया कि इन दोनों विभागों को लेकर यूडीएफ में असहमति बनी हुई है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि विवाद का जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा और विभागों की अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ मंत्रियों के विभागों में संभावित फेरबदल के कारण प्रक्रिया में देरी हुई है। गठबंधन के सहयोगियों और विभिन्न सामुदायिक समूहों की चिंताओं को देखते हुए पार्टी के भीतर भी कुछ पुनर्व्यवस्था करनी पड़ सकती है। 21 सदस्यीय सतीशन कैबिनेट में कांग्रेस के 11 मंत्री शामिल हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग को पांच मंत्री पद मिले हैं। शेष पांच पद केरल कांग्रेस (जैकब), केरल कांग्रेस (जोसेफ) और रिवोलेशनरी सोसलिस्ट पार्टी को आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री सतीशन ने सोमवार को स्पष्ट किया था कि विभागों की अंतिम सूची राज्यपाल को सौंपे जाने और राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी। हिदायत/ईएमएस 19मई26