क्षेत्रीय
19-May-2026
...


- अभियान से अब तक जुड़े 3710 जागरूक नागरिक, क्यूआर कोड स्कैन कर कोई भी बन सकता है ट्रैफिक प्रहरी इंदौर (ईएमएस)। शहर में सुगम, सुरक्षित और सुखद यातायात व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल की जा रही है। बेहतर यातायात प्रबंधन में आम जनमानस की सहभागिता बढ़ाने और नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए चलाए जा रहे “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान के तहत आज पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सराहनीय कार्य करने वाले जागरूक नागरिकों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर को जाम और यातायात की समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। इस मुहिम से अब तक शहर के 3710 जिम्मेदार नागरिक जुड़ चुके हैं, जो अपनी सुविधानुसार समय निकालकर विभिन्न चौराहों पर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था संभालने में अपना योगदान दे रहे हैं। कमिश्नर सिंह ने आम जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात प्रबंधन की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना है ताकि नियमों का पालन बेहतर ढंग से हो सके। अभियान से जुड़ने की प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है; नागरिक पुलिस द्वारा जारी क्यूआर (QR) कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म भर सकते हैं। इसमें वे अपनी सुविधानुसार समय और चौराहे का चयन कर ट्रैफिक प्रहरी के रूप में अपनी सेवाएं दे सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव के भागीदार बन सकते हैं। प्रकाश/19 मई 2026