क्षेत्रीय
19-May-2026
...


- पारिवारिक विवाद और जमीन धोखाधड़ी के मामलों पर कमिश्नर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश इंदौर (ईएमएस)। आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) संतोष कुमार सिंह ने आमजन की समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने पीड़ितों की व्यथा जानने के बाद मौके पर ही मौजूद अधिकारियों और संबंधित थाना प्रभारियों को फोन कर त्वरित एवं न्यायसंगत कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। आज की इस जनसुनवाई में कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रमुख रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, पैसों का लेन-देन, फाइनेंशियल फ्रॉड (वित्तीय धोखाधड़ी), थानों में सुनवाई न होने की शिकायतें, प्लॉट, मकान व जमीन संबंधी धोखाधड़ी और महिला अपराधों से जुड़े पुलिस प्रकरण शामिल रहे। :: सुरक्षा और न्याय के लिए पुलिस प्रतिबद्ध :: पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदक को आश्वस्त किया कि इंदौर पुलिस उनकी सुरक्षा, न्याय और अधिकारों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई के दौरान सभी जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति में आवेदकों की फाइलों का मौके पर ही परीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कराई गई। :: काउंसलिंग से सुलझ रहे पारिवारिक विवाद :: पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गंभीर अपराधों में कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस द्वारा स्थापित मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से भी लगातार काउंसलिंग (परामर्श) की जा रही है। इसका उद्देश्य कोर्ट-कचहरी के चक्करों से बचाकर आपसी और पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में शीघ्र निराकरण कराना है, ताकि परिवारों को टूटने से बचाया जा सके। प्रकाश/19 मई 2026