क्षेत्रीय
19-May-2026
...


- नन्हें चित्रकारों ने अनूठे ढंग से समझाया यातायात का महत्व; ब्रेथ एनालाइजर और बॉडी वार्न कैमरे की कार्यप्रणाली देख शांत हुई जिज्ञासा इंदौर (ईएमएस)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए इंदौर यातायात पुलिस द्वारा लगातार अनूठे और संवेदनशील प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एक गरिमामयी सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नियमों का पालन करने की सीख दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अरुणाभ संस्था के विशिष्ट (मूक-बधिर व मानसिक रूप से दिव्यांग) बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स रहीं। इन बच्चों ने कागज़ और कैनवास पर रंगों के माध्यम से शराब पीकर वाहन न चलाने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट का पालन करने, हादसों को न्योता देने वाली गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन न चलाने तथा हेलमेट व सीटबेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने जैसे गंभीर संदेशों को बेहद प्रभावी ढंग से उकेरा। बच्चों की इस अद्भुत रचनात्मकता और यातायात के प्रति उनकी गहरी समझ को देखकर वहां उपस्थित सभी अधिकारियों ने उनकी मुक्तकंठ से सराहना की। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने स्पेशल चिल्ड्रन द्वारा बनाई गई एक-एक ड्रॉइंग को देखा और बच्चों से बेहद आत्मीय संवाद कर उनके मासूम सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान एक बच्चे ने कौतूहलवश पुलिस की ब्रेथ एनालाइजर मशीन देखने की इच्छा जताई। कमिश्नर के निर्देश पर यातायात पुलिस की तकनीकी टीम ने बच्चों को न सिर्फ वह मशीन दिखाई, बल्कि वर्दी पर लगने वाले बॉडी वार्न कैमरे और अन्य आधुनिक संसाधनों की कार्यप्रणाली के बारे में भी बेहद सरल भाषा में प्रैक्टिकल करके समझाया। पुलिस के इन हाईटेक उपकरणों को नजदीक से देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहां मौजूद शिक्षकों और परिजनों ने इंदौर पुलिस की इस संवेदनशील पहल का आभार माना। अधिकारियों के अनुसार, समाज के हर वर्ग को सड़क सुरक्षा से जोड़कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। प्रकाश/19 मई 2026