क्षेत्रीय
19-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। नगर में यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए लोहे के सरियों का असुरक्षित परिवहन धड़ल्ले से जारी है। छोटे-बड़े मालवाहक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक और बेतरतीब तरीके से लदे ये सरिये आए दिन बड़ी दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। विडंबना यह है कि मुख्य मार्गों पर मौत बनकर दौड़ रहे इन वाहनों पर संबंधित विभाग ने चुप्पी साध रखी है। बताया गया कि नगर में भवन निर्माण सामग्री की आपूर्ति करने वाले छोटे वाहनों और ट्रैक्टरों में लोहे के सरियों को इस कदर लादा जा रहा है कि वे वाहन की बॉडी से कई फीट बाहर तक लटके रहते हैं। आमतौर पर इन सरियों की लंबाई 20 से 25 फीट होती है, जो छोटे वाहनों के आगे और पीछे खतरनाक तरीके से निकले रहते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए निकलना दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। अंधेरे में वाहनों के बाहर निकले ये नुकीले सरिये दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे से आने वाले दोपहिया वाहनों के टकराने का अंदेशा बना रहता है। इन वाहनों में सुरक्षा के लिहाज से न तो कोई रेडियम लगाया जाता है और न ही कोई लाल कपड़ा बांधा जाता है। परिवहन नियमों के अनुसार वाहन की बॉडी से बाहर माल निकालना दंडनीय अपराध है, लेकिन नैनपुर में यह अवैध तरीका एक सामान्य प्रक्रिया बन चुका है। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असुरक्षित परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके। इसी प्रकार नगर में इन दिनों प्रधानमंत्री आवास योजना सहित निजी मकानों का निर्माण कार्य बड़े स्तर पर चल रहा है। लेकिन इस विकास कार्य के बीच निर्माण सामग्री का सड़कों पर अवैध और बेतरतीब भंडारण आम जनता के लिए बड़ी आफत बन गया है। नगर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक में बिखरी गिट्टी, रेत और लोहे के कारण यातायात बुरी तरह बाधित हो रहा है। ईएमएस/मोहने/ 19 मई 2026