क्षेत्रीय
19-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। विद्युत विभाग की लगातार सामने आ रही उदासीनता और झूलते तारों की अनदेखी आज एक बड़े हादसे का कारण बन गई। घुघरी ब्लॉक के ग्राम लाटो में जमीन की ओर लटके हुए हाई-टेंशन बिजली के तारों की चपेट में आने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुँचाया गया। जानकारी अनुसार रविवार दोपहर जब बुजुर्ग अपने काम में व्यस्त थे, इसी दौरान वे नीचे लटके हुए बिजली के तारों के संपर्क में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि वे मौके पर ही बुरी तरह झुलस गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की विशेष देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि लाटो क्षेत्र में बिजली के तार लंबे समय से ढीले होकर खतरनाक तरीके से नीचे झुके हुए हैं। इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। विभाग की इसी लापरवाही का खामियाजा आज एक निर्दोष बुजुर्ग को भुगतना पड़ा। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विभाग को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर झूलते तारों को दुरुस्त कर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने पीडि़त परिवार के लिए मुआवजे और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की भी मांग की है। ईएमएस/मोहने/ 19 मई 2026