- मेडिकल कॉलेज रेफर; हादसे की वजह से लगा लंबा जाम मंडला (ईएमएस)। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार को बीजाडांडी थाना क्षेत्र के धनवाही मोड़ के पास दो कंटेनरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक व क्लीनर अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण एनएच-30 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कंटेनरों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ईएमएस/मोहने/ 19 मई 2026