:: मल्हारगंज में समाज भवन की दीवार से सटाकर किया जा रहा था निर्माण; सड़क पर धरने के बाद झुके अधिकारी :: इंदौर (ईएमएस)। मल्हारगंज थाने के पास स्थित फतेहपुरिया समाज भवन की दीवार से सटाकर किए जा रहे एक धर्म स्थल के अवैध निर्माण के विरोध में मंगलवार सुबह जनआक्रोश फूट पड़ा। समाज के सदस्यों सहित आसपास के सैकड़ों रहवासियों ने ड्रेनेज लाइन और चैंबर को अवरुद्ध करने के खिलाफ सड़क पर उतरकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो रेलवे के अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जुलूस निकाला और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। फतेहपुरिया समाज के अध्यक्ष कैलाश बिदासरिया, देवकीनंदन अग्रवाल, मंत्री सीके अग्रवाल एवं संयुक्त मंत्री मुरारी पालडीवाला ने बताया कि समाज भवन की दीवार से बिल्कुल सटाकर अवैध रूप से मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की ड्रेनेज लाइन का मुख्य चैंबर पूरी तरह दब गया है। चूंकि इसी क्षेत्र में मेट्रो रेलवे का काम भी गतिमान है, इसलिए निर्माण को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी थी। सुबह जैसे ही सैकड़ों रहवासी और समाज बंधु भवन के सामने जमा हुए, माहौल गरमा गया और लोग धरने पर बैठ गए। :: अफसरों ने दिया भरोसा- तुरंत हटाएंगे अवैध निर्माण :: हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही मेट्रो रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के तीखे विरोध को देखते हुए अधिकारियों ने मंच से सार्वजनिक रूप से आश्वस्त किया कि वे इस अवैध निर्माण को तुरंत हटा देंगे और समाज भवन को किसी भी तरह की क्षति नहीं पहुंचने दी जाएगी। अधिकारियों से लिखित व मौखिक आश्वासन मिलने के बाद समाज बंधुओं ने अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित किया और मार्ग बहाल हो सका। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ देवकीनंदन सिंघानिया ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन, रहवासियों और समाज बंधुओं का आभार माना।