मंडला (ईएमएस)। नारायणगंज। मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वाहन चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। टिकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिरी घाट में ट्रक और कंटेनर की जोरदार भिड़ंत से पूरा क्षेत्र दहल उठा। हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पंचर बना रहा था चालक, पीछे से कंटेनर ने मारी टक्कर प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे ट्रक क्रमांक CG 22 J 6075 जबलपुर से मंडला की ओर जा रहा था। चिरी घाट में अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पंचर टायर खोलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर क्रमांक RJ 11 GC 8798 ने अनियंत्रित होकर ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया कि घाट की ढलान और अत्यधिक गति के कारण कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों चालकों की मौके पर मौत हादसे के समय ट्रक चालक वाहन के नीचे बैठकर पंचर बना रहा था, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। वहीं कंटेनर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना में दोनों चालकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के अनुसार मृतकों की पहचान ट्रक चालक आनंद किशोर टोप्पो (51 वर्ष), निवासी घोंटा बिछिया तथा कंटेनर चालक सर्वेश गोंड (40 वर्ष), निवासी धौलपुर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज भेजा गया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही वाहन मालिकों और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हाईवे बनता जा रहा हादसों का केंद्र स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडला-जबलपुर हाईवे पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। चिरी घाट क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ईएमएस/मोहने/ 19 मई 2026