श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद के निर्देशन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, श्योपुर में विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ-जीवन बचाओ” तथा “हर बूंद की है जिम्मेदारी” जैसे प्रेरक नारे लगाए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ ओ.पी. शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से जल बचाने एवं समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री अजीत सिंह एवं डॉ. भूपेंद्र हरदेनिया सहित महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति रही। सभी ने जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को यह संदेश दिया कि जल का संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। उक्त कार्यक्रम में डॉ रमेश भारद्वाज तथा अन्य प्रोफेसरो ने प्रेरित कर विद्यार्थियों को बताया कि जल है तो कल है इसे ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को अपने वार्ड, मोहल्ले, गांवों सभी जगह जल संरक्षण अभियान में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।