क्षेत्रीय
19-May-2026
...


हरदा (ईएमएस)।जिला पंचायत के सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजलि जोसेफ,अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। इन समस्याओं का हुआ निराकरण - जनसुनवाई में ग्राम चारखेड़ा के ग्रामीणों ने हरदा नर्मदापुरम् रोड़ के नीचे क्रास हुई एल.टी. लाईन के वायर बदलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। पाठक कॉलोनी निवासी सावित्री बाई ने जनसुनवाई में अधिक बिजली बिल आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम बालागांव के वार्ड क्रमांक 15 व 16 के निवासियों ने जल भराव की समस्या का निराकरण कराने के लिये आवेदन दिया, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में ग्राम रोलगांव निवासी सोनू लुनिया ने पीएम आवास योजना की द्वितीय किश्त की राशि प्राप्त न होने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम शमशाबाद निवासी बलराम राजपूत ने गेहूँ उपार्जन की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उन्होने जिला आपूर्ति अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। अखिलेश पाराशर, 19 मई, 2026