क्षेत्रीय
19-May-2026


नर्मदापुरम (ईएमएस)। स्थानीय निकाय निर्वाचक नामावली के वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष 2026 के सुचारू संपादन को लेकर मंगलवार को सांदीपनि स्कूल सभागार में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विजय राय ने की। बैठक में क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त स्टैंडिंग कमेटी सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को स्थानीय निकाय निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनप्रतिनिधि अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकृत कर्मचारियों (बीएलओ) के माध्यम से मतदाता नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए निर्धारित प्रारूप फॉर्म ईआर-1, ईआर-2 एवं ईआर-3 की उपयोगिता को समझें तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक करें। बैठक में यह भी बताया गया कि कोई भी पात्र मतदाता नाम जुड़वाने से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल न हों, इसके लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष 2026 के लिए जारी अधिकृत कार्यक्रम एवं समय-सीमा की जानकारी भी साझा की गई। अनुविभागीय अधिकारी श्री विजय राय ने सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 19 मई 2026