क्षेत्रीय
19-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। जिले के बड़वाह थानाक्षेत्र में तालाब पर पानी पीने गई भैंसों की चहल-कदमी से टूटे विद्युत पंप तारों से उपजा विवाद अब गहराता जा रहा है। तार टूटने की बात पर युवक से की गई मारपीट के दौरान हाथ-पैर में फ्रेक्चर आया है। इस मामले में बड़वाह थाने पर की गई शिकायत के बाद भी ठोस कार्रवाई नही होने से नाराज पीडि़त मंगलवार को कलेक्टर एवं एसपी कार्यालय पहुंचा। यहां शिकायती आवेदन सौंपकर कलेक्टर के साथ ही एसपी से मामले में हस्तक्षेप कर जांच के बाद उचित कार्रवाई की मांग की है। एसपी को सौंपे शिकायती आवेदन में मनोज बलीराम यादव निवासी सेल्दा ने बताया कि 1 अपै्रल को विरानगांव चंदनपुरा तालाब पर भैंसों को पानी पिलाने ले गया था। इसी दौरान सिंचाई के लिए लगे विद्युत पंप का तार भैंस ने तोड़ दिया। इस बात से नाराज होकर लोकेश, सुगन ने मुझसे झगड़ा किया, अश्लील गालियां दी। रास्ते में रोककर लोकेश, राधेश्याम, विवेक, मानसिंह, विष्णु, लीलाधर, घीसू आदि ने संगतमय होकर फिर विवाद किया और राधेश्याम ने लोहे की रॉड, विवेक ने प्लॉस्टिक पाईप, लोकेश ने लट्ठ और विष्णु ने लोहे के पावड़े से पिटाई की। घीसू व लीलाधर ने पत्थर मारा। इस हाथापाई में मेरे पैर, हाथ में फ्रेक्चर आया है। मुझे बेहोशी की हालत में छोड़कर यह भाग गए। इसके बाद मुझे गांव के लोग मुझे अस्पताल लाए। यहां उपचार के दौरान गंभीर चोंट के घाव होने से इंदौर रेफर कर दिया गया। मनोज ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके कहे अनुसार रिपोर्ट नही लिखी, जिसके चलते वह एसपी कार्यालय पहुंचा है। ईएमएस/ नाजिम शेख/19 मई 2026