क्षेत्रीय
19-May-2026


कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एन- कॉर्ड समिति की बैठक संपन्न नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एन-कॉर्ड समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, श्रीमती नीता कोरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में मादक पदार्थों को तस्करी, नशे की रोकथाम के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम, जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के पर्यवेक्षण के संबंध में आवश्यक चर्चा की गई। एन-कॉर्ड समिति की बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि युवाओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने नशा मुक्ति के लिए जिले में वृहद स्तर पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए जिससे नशे जैसी समस्या का जड़ से निदान किया जा सके। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से शराब के अहाते संचालित ना हो। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त दिशा में आवश्यक कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को भी नशे के दुष्प्रभावों से अवगत किए जाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने के निर्देश भी दिए। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 19 मई 2026