नर्मदापुरम (ईएमएस)। कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी भोपाल के डिप्टी सीईओ संजय श्रीवास्तव द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री श्रीवास्तव ने वेयरहाउस परिसर में स्थित तीनों स्ट्रांग रूम का बाहरी निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं ईवीएम के रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि वेयरहाउस स्थित स्ट्रांग रूम में कुल 1937 बैलेट यूनिट, 1756 कंट्रोल यूनिट एवं 1784 वीवीपैट सुरक्षित रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन मशीनों का मासिक निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तथा त्रैमासिक निरीक्षण मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जाता है। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन सुपरवाइजर कैलाश दुबे, मास्टर ट्रेनर पंकज दुबे सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 19 मई 2026