क्षेत्रीय
19-May-2026
...


कटनी (ईएमएस)1 नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा नगर की सुंदरता, सुचारू यातायात व्यवस्था तथा वर्षा ऋतु के पूर्व बेहतर जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। मुख्य मार्ग से हटाए गए बैनर होर्डिंग इसके साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों के तहत मिशन चौक से कुठला थाना तक के मार्ग से में लगे लगभग 126 अवैध होर्डिंग्स एवं बैनर हटाए गए। निगम प्रशासन की इस कार्यवाही से न केवल नगर की सुंदरता में सुधार हुआ है, बल्कि सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में भी मदद मिली है। सुगम आवागमन हेतु किए गए प्रयास अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों के सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए अतिक्रमण टीम द्वारा नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों सुभाष चौक,स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, सिल्वर टॉकीज खोवा मंडी मार्ग, झंडा बाजार एवं बरगवां मुख्य मार्ग में भी अभियान चलाकर अव्यवस्थित फल ठेला संचालकों तथा सार्वजनिक मार्गों में रखी दुकान सामग्री को व्यवस्थित करने की कार्यवाही की गई इस दौरान अतिक्रमण कर्ताओं पर कुल 2800 रुपये का स्पॉट फाइन भी अधिरोपित किया गया। नाले से हटाया अतिक्रमण निगम की अतिक्रमण शाखा द्वारा उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में विशेष अभियान चलाकर नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यह कार्यवाही वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की संभावित समस्या को रोकने एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। नाले से अतिक्रमण हटाए जाने से क्षेत्र में वर्षा जल के प्रवाह में सुविधा होगी तथा नागरिकों को राहत मिलेगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण एवं अवैध होर्डिंग्स-बैनर लगाने से बचने की अपील करते हुए कहा है कि शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी। ईएमएस/मोहने/ 19 मई 2026