बैंकॉक (ईएमएस)। लगातार 58 घंटे तक किस कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाला थाईलैंड का मशहूर कपल अब अलग-अलग हो गया हैं। इस कपल ने अपनी आपसी सहमति से यह निर्णय लिया है। यह खबर सुनकर उनके प्रसंशक भावुक हो गए है। हम बात कर रहे हैं थाईलैंड के बहुचर्चित कपल एक्काचाई तिरानरात और लकसाना तिरानरात की, जिन्होंने अपने लंबे किस वर्ल्ड रिकॉर्ड से दुनियाभर में पहचान बनाई थी। एक समय ऐसा था जब लोग इनके रिश्ते को सच्चे प्यार की सबसे बड़ी मिसाल मानते थे, लेकिन अब सालों पुराने इस रिश्ते के टूटने की खबर ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। यह कपल साल 2013 में उस समय दुनिया भर में चर्चा में आया था, जब दोनों ने लगातार 58 घंटे, 35 मिनट और 58 सेकंड तक किस करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इस रिकॉर्ड ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। खास बात यह थी कि उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। इससे पहले साल 2011 में भी दोनों ने करीब 46 घंटे तक लगातार किस करके रिकॉर्ड बनाया था। उस दौर में सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में इस जोड़े की खूब चर्चा हुई थी और लोग इन्हें प्यार की अनोखी मिसाल मानने लगे थे। इस प्रतियोगिता के नियम बेहद कठिन बताए जाते थे। रिकॉर्ड बनाने वाले प्रतिभागियों को लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहना होता था और बीच में अलग होने की अनुमति नहीं होती थी। लंबी अवधि तक एक ही स्थिति में रहने और बिना आराम के चुनौती पूरी करना आसान नहीं माना जाता था। इसके बावजूद एक्काचाई और लकसाना ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था। बाद में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस श्रेणी को बंद कर दिया, लेकिन इस कपल का नाम दुनिया भर में चर्चित बना रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 2025 की शुरुआत में दोनों ने अलग होने का फैसला किया। हालांकि बताया जा रहा है कि उनके बीच किसी तरह का विवाद या कड़वाहट नहीं है। दोनों अब भी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर यह खबर सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे रिश्तों की बदलती सच्चाई बताया, जबकि कई लोगों ने कहा कि केवल प्यार का प्रदर्शन किसी रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत नहीं रख सकता। सुदामा/ईएमएस 20 मई 2026