खेल
20-May-2026
...


चेन्नई (ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित टी20 लीग बिग बैश (बीबीएल) 2026-27 सत्र का आयोजन भारत में हो सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार इस लीग का शुरुआती मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (टीएनसीए) दोनों ही इसपर सहमत हो गये हैं। जिससे भारत में पहली बार एक विदेशी टी20 लीग की मेजबानी की राह बन रही है। इस लीग के आयोजन को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) इस साल की शुरुआत से ही प्रयास कर रहा था। उसने ने कई महीनों पहले ही चेन्नई को संभावित मेजबान स्थल के रूप में चिन्हित कर लिया था। शुरुआती दौर की बातचीत और गहन विचार-विमर्श के बाद अब बीसीसीआई और टीएनसीए, दोनों ही इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन को भारत लाने के लिए उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। यह कदम वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर में भारत की केंद्रीय भूमिका को और मजबूत करेगा। एमए चिदंबरम स्टेडियम, जिसे चेपॉक के नाम से भी जाना जाता है, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स का गढ़ है। यह मैदान हमेशा से अपने जोशीले क्रिकेट माहौल और दर्शकों के गहरे जुड़ाव के लिए प्रसिद्ध रहा है, जहाँ क्रिकेट मैच किसी उत्सव से कम नहीं होते। ऑस्ट्रेलियाई टीमें भी भारत में खेलने के लिए जबरदस्त उत्साह दिखा रही हैं। सिडनी थंडर, मेलबर्न स्टार और मेलबर्न रेनेगेड्स जैसी प्रमुख बीबीएल फ्रेंचाइजी ने विशेष रूप से चेन्नई में मैच खेलने की इच्छा व्यक्त की है, जो इस पहल को और बल देता है और बताता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीमें भारतीय प्रशंसकों के सामने खेलने को लेकर कितनी उत्सुक हैं। इस प्रस्तावित आयोजन को लेकर हुए सीए को एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी गत दिवस चेन्नई पहुंचा था। इस दल ने स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया और आयोजन से संबंधित सभी लॉजिस्टिक और प्रबंधकीय पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरे से यह स्पष्ट होता है कि सीए इस योजना को अमल में लाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।लांकि, इस मेगा इवेंट को अंतिम रूप देने से पहले अभी कुछ सरकारी औपचारिकताओं और मंजूरियों का इंतजार है। रिपोर्टों के अनुसार, सीए इस संबंध में ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और एक बार सभी सरकारी स्तर की चर्चाएं पूरी हो जाने के बाद ही मैच को आधिकारिक मंजूरी मिल सकती है। गिरजा/ईएमएस 20मई 2026