राज्य
20-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में केमिस्ट हड़ताल का मिला-जुला असर देखने को मिला। कई स्थानीय बाजारों में मेडिकल स्टोर बंद रहे तो कहीं खुले भी मिले। जबकि अस्पताल परिसरों, सरकारी केंद्रों और बड़ी फार्मेसी चेन की दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं। हड़ताल ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म के विरोध में बुलाई गई थी। केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं। दिल्ली के लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, करोल बाग और चांदनी चौक समेत कई इलाकों में स्थानीय मेडिकल स्टोर बंद दिखाई दिए। हालांकि एम्स, सफदरजंग, आरएमएल और एलएनजेपी जैसे बड़े सरकारी अस्पतालों और निजी नर्सिंग होम के पास स्थित मेडिकल स्टोर खुले रहे, जिससे मरीजों को राहत मिली। गाजियाबाद के राजनगर, कविनगर, इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा में कई बड़े रिटेल मेडिकल स्टोर बंद रहे। वहीं एमएमजी जिला अस्पताल और कंबाइंड अस्पताल के सामने की दुकानें खुली रहीं। कई कॉर्पोरेट फार्मेसी चेन ने भी सेवाएं जारी रखीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/ मई/2026